CG news: महादेव सट्टा सिंडिकेट की जांच तेज, 12 नवंबर को अदालत में पेश होगा सौरभ चंद्राकर...
कई कारोबारियों और अधिकारियों से होगी पूछताछ
सीबीआई इस मामले से जुड़े कारोबारी विकास गर्ग, अमित कुमार अग्रवाल, नितिन तिबड़ेवाल, हरीश तिबड़ेवाल, रोहित गुलाटी, गिरीश तलरेजा और सुरेश चोखानी से दोबारा पूछताछ की तैयारी कर रही है। इसके अलावा एएसआई चंद्रभूषण वर्मा, सिपाही सहदेव यादव और अर्जुन सहित अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा सकती है।
जानकारी के अनुसार, राज्य के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों को नोटिस जारी कर दिल्ली बुलाने की तैयारी है। सीबीआई सौरभ चंद्राकर के सामने अधिकारियों, कर्मचारियों और कारोबारियों को बैठाकर आमने-सामने पूछताछ कर सकती है।
बैंक खातों और हवाला नेटवर्क की भी जांच
महादेव सट्टा नेटवर्क के जरिए अलग-अलग पैनलों से बड़ी रकम जुटाई जाती थी। अब सीबीआई यह पता लगाने में जुटी है कि किस पैनल से कितनी रकम एकत्रित हुई, उसका हिसाब कौन रखता था और पैसा आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाता था।
सट्टे से अर्जित रकम को विभिन्न बैंक खातों के जरिए घुमाने और हवाला के माध्यम से विदेश भेजने के आरोपों की भी जांच की जा रही है। एजेंसी बैंक खातों के दस्तावेजों, उनके वास्तविक संचालकों और विदेशों में रकम भेजने के माध्यमों की पड़ताल कर रही है।
रवि उप्पल के प्रत्यर्पण की तैयारी
मामले के दूसरे प्रमुख प्रमोटर रवि उप्पल के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है। सीबीआई और ईडी की टीमें इसके लिए करीब 3,200 पन्नों के दस्तावेज तैयार कर रही हैं। इन दस्तावेजों को अंग्रेजी के साथ अरबी भाषा में भी तैयार किया जा रहा है, ताकि दुबई की अदालत में प्रत्यर्पण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके।
80 से अधिक एफआईआर, 12 मामलों में चार्जशीट
महादेव सट्टा मामले में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में 80 से अधिक एफआईआर दर्ज हैं। सीबीआई फिलहाल इनमें से 12 मामलों की जांच कर चार्जशीट पेश कर चुकी है। इन मामलों में पहले पुलिस द्वारा आरोपित बनाए गए लोगों को ही सीबीआई ने भी आरोपित किया है।
इनमें रायपुर के तेलीबांधा, गंज और खमतराई थानों के अलावा दुर्ग के मोहन नगर और छावनी तथा अंबिकापुर से जुड़े मामले शामिल हैं। अब सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद इस पूरे सिंडिकेट के वित्तीय नेटवर्क और कथित संरक्षण से जुड़े कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
Edited by k.s thakur...





0 Comments