CG news : तीर्थनगरी राजिम का अब होगा कायाकल्प, नगर पंचायत से बनी नगर पालिका परिषद, अधिसूचना जारी...
रायपुर : छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध तीर्थनगरी राजिम के लिए यह ख्रबर महत्वपूर्ण है। राज्य शासन ने राजिम नगर पंचायत को नगर पालिका के रूप में उन्नयन करने का फैसला लिया है।
Ad..
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा इस आशय की अधिसूचना जारी कर दी गई है, जिसके साथ ही अब राजिम की भौगोलिक सीमाएं नगर पालिका परिषद के अधिकार क्षेत्र में आ गई हैं।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने इस फैसले पर कहा कि राजिम अब एक व्यवस्थित शहरी ढांचे की ओर कदम बढ़ाएगा। नगर पालिका बनने के बाद यहां के सुनियोजित विकास के लिए संसाधनों की उपलब्धता बढ़ेगी।
सड़क, नाली, पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता अभियान, स्ट्रीट लाइट और उद्यानों के निर्माण में तेजी आएगी। साथ ही, सामुदायिक भवनों और अन्य आधारभूत संरचनाओं का विस्तार होगा, जिससे स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।
राजिम की बढ़ती जनसंख्या के कारण नगर पंचायत से नगर पालिका में अपग्रेड होना आवश्यक था। यहां नागरिक सुविधाओं जैसे कि कचरा प्रबंधन (वेस्ट मैनेजमेंट), जल निकासी (ड्रेनेज), और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की मांग निरंतर बढ़ रही है।
नगर पालिका बनने से अब बजट आवंटन में वृद्धि होगी, जिससे इन सुविधाओं का विस्तार आसान हो जाएगा।राजिम को छत्तीसगढ़ का प्रयाग कहा जाता है। यहां महानदी, पैरी और सोंढूर नदियों का त्रिवेणी संगम है।
यह ऐतिहासिक राजीव लोचन मंदिर के लिए विश्व प्रसिद्ध है, जो भगवान विष्णु को समर्पित है। सदियों पुरानी वास्तुकला और धार्मिक आस्था का केंद्र होने के कारण राजिम का सांस्कृतिक महत्व अत्यंत गहरा है।
राजिम में प्रतिवर्ष 'राजिम कुंभ' (माघी पुन्नी मेला) का आयोजन होता है, जो इसे छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक केंद्र बनाता है।
माघ पूर्णिमा पर लाखों की संख्या में श्रद्धालु यहां त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाते हैं। यह मेला राज्य की लोक संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक वैभव का एक अनूठा संगम है।
Edited by k.s thakur...



0 Comments