चांदनी चौक में तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत का हिस्सा ढहा, दो लोगों की मौत की आशंका; 6-7 लोगों के फंसे होने की आशंका...
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के चांदनी चौक इलाके में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास शीश महल की गली सत्तारा में एक निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत का कुछ हिस्सा अचानक ढह गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, हादसे में दो लोगों की मौत की आशंका जताई गई है, जबकि मलबे में 6 से 7 लोगों के फंसे होने की आशंका है।
Ad..
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली दमकल विभाग ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। दमकल विभाग के अनुसार, सुबह करीब 9:50 बजे पईवालान इलाके में इमारत ढहने की सूचना मिली थी। इसके बाद दो वाटर टेंडर, एक वाटर बाउजर, एक क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल (QRV) और एक इंसिडेंट रिस्पॉन्स टीम (IRT) को मौके पर रवाना किया गया।
Ad..
सुबह करीब 10:15 बजे स्टेशन ऑफिसर डीके राय ने विभाग को बताया कि तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत का हिस्सा ढह गया है और कुछ लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका है। इसके बाद अतिरिक्त दमकलकर्मियों और वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर भेजने की मांग की गई।
Ad..
तत्काल एक और वाटर टेंडर तथा असिस्टेंट डिविजनल ऑफिसर (ADO) राजेश शुक्ला को घटनास्थल पर भेजा गया। इसके साथ ही बचाव अभियान में दमकल विभाग की कुल छह इकाइयां तैनात की गईं। अभियान में ADO राजेश शुक्ला, स्टेशन ऑफिसर भूपेंद्र शर्मा और SO डीके राय शामिल हैं।
सौरभ भारद्वाज ने सरकार पर साधा निशाना
इस हादसे को लेकर आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार और नगर निगम (MCD) पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दिल्ली की इमारतों के सुरक्षा ऑडिट और सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए।
भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि चावड़ी बाजार और चांदनी चौक इलाके में एक और तीन मंजिला इमारत ढह गई है तथा मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। उन्होंने सवाल उठाया कि कई बार सुरक्षा ऑडिट कराने के बावजूद राजधानी में इमारतें क्यों ढह रही हैं।
उन्होंने MCD, दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारियों पर भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के आरोप भी लगाए। उनका दावा है कि रिश्वत नहीं देने वाले भवन मालिकों की इमारतों को सील कर दिया जाता है, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वाली अन्य इमारतों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती।
सौरभ भारद्वाज ने कार्रवाई में भेदभाव का आरोप लगाते हुए दक्षिणी दिल्ली के जीके-2 मार्केट का उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा कि एक वार्ड में दो जिम सील किए गए हैं, जबकि उसी दक्षिणी जोन में अन्य जिम और व्यावसायिक इमारतें खुली हुई हैं।
फिलहाल हादसे के बाद राहत एवं बचाव अभियान जारी है। मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालना प्रशासन और बचाव दल के सामने सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है।
Edited by k.s thakur...





0 Comments