CG news : प्रदेश के 2,300 स्कूलों और 4,000 आंगनबाड़ी केंद्रों को नल से जल का इंतजार, नारायणपुर सबसे पीछे...
रायपुर : प्रदेश में हर घर तक नल से जल पहुंचाने के साथ स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने का लक्ष्य अभी पूरी तरह हासिल नहीं हो पाया है। जल जीवन मिशन के तहत चल रहे अभियान के बावजूद प्रदेश के 2,300 स्कूलों और 4,000 से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों में अब तक नल से जल की सुविधा नहीं पहुंच पाई है।
Ad..
इससे इन संस्थानों में पढ़ने वाले बच्चों और नौनिहालों को पेयजल के लिए वैकल्पिक जलस्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।प्रदेश के सभी 33 जिलों में 46,280 स्कूलों में नल से जल पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित है।
इनमें से अब तक 43,973 स्कूलों में ही नल से जल की सुविधा पहुंची है। इस तरह करीब 95 प्रतिशत स्कूलों में लक्ष्य पूरा हुआ है, जबकि 2,307 स्कूल अभी भी सुविधा से वंचित हैं।नल से जल पहुंचाने के मामले में बस्तर संभाग के जिलों की स्थिति अपेक्षाकृत कमजोर है।
दंतेवाड़ा में 84.55 प्रतिशत, बीजापुर में 74.75 प्रतिशत, सुकमा में 66.29 प्रतिशत और नारायणपुर में महज 61.06 प्रतिशत लक्ष्य ही पूरा हो पाया है।हालांकि, बालोद, बलौदाबाजार-भाटापारा, बेमेतरा, धमतरी, दुर्ग, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जांजगीर-चांपा, कवर्धा, कोरबा, महासमुंद, सक्ती और कांकेर में स्कूलों के लिए निर्धारित लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है।
देश के सभी ग्रामीण परिवारों तक शुद्ध पेजयल पहुंचाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 15 अगस्त 2019 को इसकी शुरुआत की थी।राज्य के सभी जिलों में 45,731 आंगनबाड़ी केंद्रों में नल से जल पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया है।
इनमें से अब तक 41,720 केंद्रों में ही सुविधा पहुंच पाई है। यानी लक्ष्य का 91.23 प्रतिशत काम पूरा हुआ है और करीब नौ प्रतिशत केंद्र अब भी सुविधा से वंचित हैं। बस्तर संभाग के जिलों में स्थिति अपेक्षाकृत कमजोर है।
कोंडागांव में लक्ष्य का 65.44 प्रतिशत, बीजापुर में 61.31 प्रतिशत, सुकमा में 57.01 प्रतिशत और नारायणपुर में केवल 50.85 प्रतिशत काम पूरा हुआ है। इन जिलों में शेष केंद्रों तक नल से जल पहुंचाना चुनौती बना हुआ है।बालोद, बलौदाबाजार-भाटापारा, बेमेतरा, बिलासपुर, धमतरी, दुर्ग, जांजगीर-चांपा, कवर्धा, कोरबा, महासमुंद, रायगढ़, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और सरगुजा में सभी लक्षित आंगनबाड़ी केंद्रों में नल से जल की सुविधा पहुंच चुकी है।
केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना में प्रदेश में अभी तक करीब 84 प्रतिशत घरों में नल कनेक्शन देने का काम पूरा हुआ है। प्रदेश में 49,95,141 घरों में नल कनेक्शन देने का लक्ष्य निर्धारित है। अब तक 41,85,127 घरों तक ही नल कनेक्शन पहुंचाने का काम पूरा हुआ है।
राशि की कमी और भुगतान के अभाव में कई जिलों में मिशन का काम तेज गति नही पकड़ पा रहा है।रायपुर, धमतरी, राजनांदगांव, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, बालोद और सक्ती को छोड़ दे तो अन्य जिलों में 90 प्रतिशत से कम ही काम हुए हैं।
धमतरी में में 99.59 और रायपुर में 98.21 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। घरों में नल कनेक्शन देने के मामले में देश में 23वें स्थान पर छत्तीसगढ़ है।योजना की निरंतर समीक्षा की जा रही है, जो भी कमियां आ रही है उसे दूर किया जा रहा है। बस्तर संभाग में तेजी से काम किया जा रहा है।- रिमिजियस एक्का, निदेशक, जल जीवन मिशन।
Edited by k.s thakur...



0 Comments