MP news : एमपी टूरिज्म श्रद्धालुओं से मंगा रहा नर्मदा के घाटों पर खंडित प्रतिमाओं की तस्वीरें, सिंहस्थ से पहले होगी पुनर्स्थापना...
महेश्वर : सिंहस्थ 2028 की तैयारियों में मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा एक अच्छी पहल की जा रही है। इसके तहत नर्मदा के विभिन्न तटों व घाटों पर स्थित खंडित शिवलिंग, नंदी भगवान या अन्य प्रतिमाओं के फोटो मांगें गए हैं।
Ad..
इनकी संख्या के आधार पर तकनीकी स्टीमेट तैयार कर इन खंडित प्रतिमाओं का पुनर्स्थापन किया जाएगा।सिंहस्थ की तैयारियों के मध्य एक ऐसी पहल आकार ले रही है जो केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि आस्था के पुनर्संस्कार का संकल्प प्रतीत होती है।
Ad..
मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के सब इंजीनियर निलेश शेंग्ले ने अहिल्या घाटों पर वर्षों से विद्यमान खंडित शिव पिंडों और नन्दीयों के सम्मानजनक पुनर्स्थापन और उनके स्थान पर नवीन शिवलिंग स्थापित कराने की दिशा में प्रयास प्रारंभ किए हैं।
इस कार्य को व्यवस्थित रूप देने के लिए उन्होंने सामाजिक सहयोग और मीडिया सहभागिता की अपेक्षा रखते हुए खंडित शिव पिंडों के छायाचित्र उपलब्ध कराने का आग्रह किया है, ताकि उनकी संख्या और आकार के आधार पर तकनीकी एस्टीमेट तैयार कर शासन को स्वीकृति के लिए प्रस्ताव भेजा जा सके।
उन्होंने कहा है कि यदि शासन स्तर से स्वीकृति और संसाधन प्राप्त होते हैं तो यह कार्य सुव्यवस्थित रूप से पूर्ण होगा, किंतु यदि आवश्यकता पड़ी तो जनसहयोग का स्वागत रहेगा और अंतिम विकल्प के रूप में वे स्वयं के व्यय से भी नवीन शिवलिंग स्थापना का प्रयास करेंगे।
ज्ञात हो कि महेश्वर के विभिन्न घाटों पर कई शिवलिंग स्थापित हैं। समय के साथ देखरेख के अभाव और बाढ़ आदि आपदाओं से इनमें से कई शिवलिंग व अन्य प्रतिमाएं खंडित या क्षतिग्रस्त भी हुई हैं।
शास्त्रों के अनुसार खंडित प्रतिमाओं का पूजन नहीं किया जाता है। इसके चलते यदि क्षतिग्रस्त शिवलिंगों व प्रतिमाओं की पुनर्स्थापना की जाती है तो सिंहस्थ के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के मन-मस्तिष्क पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
Edited by k.s thakur...




إرسال تعليق