CG news : 'एक्के नंबर-सब्बो बर'.. पुलिस, फायर, मेडिकल इमरजेंसी, महिला एवं चाइल्ड हेल्पलाइन सहित सभी आपात सेवाएं अब डायल-112 पर...
रायपुर : रायपुर में नागरिक सुरक्षा एवं आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं तकनीक आधारित बनाने की दिशा में आज रायपुर पुलिस परेड ग्राउंड में 'डायल-112 फेस-2 नेक्स्ट जनरेशन' सेवा का भव्य शुभारंभ उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा द्वारा किया गया।
Ad..
उप मुख्यमंत्री शर्मा द्वारा हरी झंडी दिखाकर 54 नए इमरजेंसी रिस्पॉन्स वाहनों को शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सेवाओं के लिए रवाना किया गया।उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पूर्व में डायल-112 सेवा केवल 16 जिलों तक सीमित थी, जिसे अब विस्तारित कर प्रदेश के सभी 33 जिलों में लागू किया गया है।
Ad..
उन्होंने बताया कि रायपुर कमिश्नरेट क्षेत्र हेतु 33 ईआरवी एवं ग्रामीण क्षेत्र हेतु 21 ईआरवी सहित कुल 54 वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर त्वरित सहायता उपलब्ध कराने हेतु 4 विशेष हाईवे पेट्रोलिंग वाहन भी तैनात किए गए हैं।
कॉल रिकॉर्डिंग, रियल टाइम ट्रैकिंग सहित कई तकनीक से लैस : उन्होंने बताया कि सभी वाहन अत्याधुनिक जीपीएस सिस्टम, स्मार्ट कंट्रोल एवं मॉनिटरिंग सिस्टम, कॉल रिकॉर्डिंग, रियल टाइम ट्रैकिंग एवं डिजिटल कम्युनिकेशन तकनीक से लैस हैं, जिससे सूचना प्राप्त होते ही त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सकेगी।
डायल-112 सेवा के माध्यम से पुलिस का रिस्पॉन्स टाइम राष्ट्रीय मानक के अनुरूप रखने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।उप मुख्यमंत्री ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना में तकनीकी एवं रणनीतिक सहयोग प्रदान करने हेतु केंद्रीय गृह मंत्रालय के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर रायपुर (पश्चिम) विधायक राजेश मूणत, रायपुर (उत्तर) विधायक पुरंदर मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित कांबले, कलेक्टर रायपुर गौरव कुमार, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता सिन्हा सहित शासन एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
डायल-112 सेवा “एक नंबर- सबकी मदद” (एक्के नंबर, सब्बो बर) की अवधारणा पर आधारित है। इसके अंतर्गत नागरिकों को अब विभिन्न सेवाओं के लिए अलग-अलग नंबर याद रखने की आवश्यकता नहीं होगी।
केवल ‘112’ डायल कर पुलिस सहायता, फायर ब्रिगेड, मेडिकल इमरजेंसी, महिला हेल्पलाइन (1091), चाइल्ड हेल्पलाइन (1098), आपदा प्रबंधन एवं हाईवे इमरजेंसी जैसी समस्त आपातकालीन सेवाओं का लाभ प्राप्त किया जा सकेगा।
Edited by k.s thakur...




Post a Comment