CG news : लखनपुर में पोल से टकराई बाइक, बलरामपुर में खाई में गिरी बोलेरो; 3 की मौत...
लखनपुर : लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जमगला स्थित राइस मिल के पास रविवार दोपहर सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा दोपहर करीब 2:30 बजे उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से जा टकराई।
Ad..
मृतक और घायल दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम छिंदकालो के रहने वाले हैं और लखनपुर क्षेत्र के निम्हा से छिंदकालो वापस लौट रहे थे।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।
Ad..
सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि तीनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे चोटें और घातक साबित हुईं।घटना की सूचना मिलते ही कार्यक्रम से लौट रहे भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश बारी ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस को जानकारी दी और घायल युवक को तत्काल लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार जारी है।मृतकों की पहचान आदित्य पिता महेश राम और बाबूलाल पिता भगत राम के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक अमन पिता संतोष बताया जा रहा है।
तीनों युवक थाना दरिमा क्षेत्र के ग्राम छिंदकालों के निवासी हैं। वे ग्राम निम्हा से अपने गृह ग्राम छिंदकालों लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।सूचना पर पहुंची लखनपुर पुलिस ने दोनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर डायल 112 वाहन से अस्पताल भिजवाया, जहां उन्हें मर्चुरी में रखा गया है।
हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां शवों को देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
बलरामपुर : जिले के कुसमी ब्लॉक में रविवार को एक और सड़क हादसा हो गया। बोलेरो वाहन खाई में गिरने से 19 वर्षीय चालक प्रीतम नगेसिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार पुरान नगेसिया गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार बोलेरो जामटोली घाट के खतरनाक मोड़ से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे गाड़ी सीधे गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों की मदद से घायल को वाहन से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।स्थानीय लोगों का कहना है कि जामटोली घाट लंबे समय से दुर्घटना संभावित क्षेत्र बना हुआ है। यहां सड़क सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। डिवाइडर, क्रैश बैरियर और चेतावनी संकेतों के अभाव में आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
एक माह पूर्व भी इसी स्थान पर एक हादसा हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति की जान चली गई थी।लगातार हो रही दुर्घटनाओं से आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सड़क सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है। उन्होंने घाट क्षेत्र में क्रैश बैरियर, चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर लगाने तथा सड़क चौड़ीकरण की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
Edited by k.s thakur...




إرسال تعليق