Jharkhand : गुमला में टांगीनाथ धाम से लौट रही बस पलटी; 5 वर्षीय मासूम समेत दो की मौत, कई यात्री घायल...

Jharkhand : गुमला में टांगीनाथ धाम से लौट रही बस पलटी; 5 वर्षीय मासूम समेत दो की मौत, कई यात्री घायल...


गुमला में टांगीनाथ धाम से मुंडन कार्यक्रम के बाद लौट रही एक आरक्षित बस रायडीह थाना क्षेत्र के शंखमोड़ मांझाटोली के पास पलट गई। इस भीषण हादसे में पांच वर्षीय मासूम शिवम केशरी और एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

        Ad..


गुमला। डुमरी प्रखंड के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल टांगीनाथ धाम से मुण्डन कार्यक्रम संपन्न कर लौट रही एक रिजर्व सवारी बस बुधवार को रायडीह थाना क्षेत्र के शंखमोड़ मांझाटोली स्थित पुराने शंख घाट मोड़ के समीप अनियंत्रित होकर पलट गई।

Ad..


इस भीषण सड़क हादसे में पांच वर्षीय मासूम शिवम केशरी तथा बस में दबने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। महिला की पहचान नही हो सकी है। घटना से स्वजन में कोहराम मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सिमडेगा जिला के ठेठईठांगर से एक ही परिवार के रिश्तेदारों ने मुण्डन संस्कार हेतु मेहता नामक बस रिजर्व कर टांगीनाथ धाम गए थे। धार्मिक अनुष्ठान विधिवत तरीके से संपन्न करने के बाद सभी श्रद्धालु उसी बस से वापस सिमडेगा लौट रहे थे। इसी दौरान शंखमोड़ मांझाटोली के तीखा मोड़ पर चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और बस सड़क किनारे पलट गई।

हादसे में चार दर्जन से ज्यादा यात्री घायल..

हादसे में चार दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों में सरस्वती देवी (28), मनीषा कुमारी (15), संध्या देवी (30), ज्योति केशरी (42), संगीता देवी (35), आर्यन केशरी (18), प्रशांत कुमार (22), कृष्णा बड़ाईक (25), सोमरा सिंह (45), अयोध्या प्रसाद केशरी (70), मीरा देवी (55), किशोर प्रसाद केशरी (50), राहुल केशरी (40), सुनेना देवी (60), सबिता केशरी (35), रूपा देवी (27), आरती देवी (31), शशि कुजूर (30), फुलकुमारी देवी (40), प्रियंका कुमारी (30), अनिता देवी (50) व सुरेंद्र ठाकुर (45) सहित अन्य शामिल हैं।

बस में फंसे यात्रियों को निकालने में जुटे ग्रामीण..

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में जुट गए। ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायडीह पहुंचाने में सहयोग किया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डा राजीव कुमार व एएनएम टीम द्वारा सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद सभी सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में डीआरडीए निदेशक विद्या भूषण कुमार, डीएस डा अनुपम किशोर डटे रहे। गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया।

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि मोड़ काफी संकरा और जोखिमभरा है, जिससे आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।




Edited by k.s thakur...

Post a Comment

أحدث أقدم