CG news : सूरजपुर में बुलडोजर पर बवाल, अतिक्रमण हटाने के दौरान खूनी संघर्ष, लाठी-डंडों से दर्जन भर घायल...
CG News: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के लटोरी तहसील अंतर्गत सुंदरगंज गांव में बुधवार को करीब सौ एकड़ शासकीय भूमि पर तकरीबन दो दर्जन ग्रामीणों द्वारा चार पांच दशक से किए गए अतिक्रमण पर बुलडोजर कार्रवाई के दौरान ग्राम के दो पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले। मारपीट में दर्जन भर से अधिक ग्रामीण घायल हुए हैं।
Ad..
बिश्रामपुर। सूरजपुर जिले के लटोरी तहसील अंतर्गत सुंदरगंज गांव में बुधवार को करीब सौ एकड़ शासकीय भूमि पर तकरीबन दो दर्जन ग्रामीणों द्वारा चार पांच दशक से किए गए अतिक्रमण पर बुलडोजर कार्रवाई के दौरान ग्राम के दो पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले। मारपीट में दर्जन भर से अधिक ग्रामीण घायल हुए है।
इधर ग्रामीणों द्वारा किए गए पथराव में अतिक्रमण हटा रही एक्सीवेटर मशीन व पुलिस की दो वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की खबर है। इस दौरान वहां मौजूद भारी पुलिस बल मारपीट की घटना को मूकदर्शक बनकर देखती रही। फिलहाल अतिक्रमण ध्वस्त करने की कार्रवाई रोक दी गई है। गांव में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
पांच दशक से था अतिक्रमण..
बताया गया कि सुंदरगंज गांव की करीब सौ एकड़ शासकीय भूमि पर 22 ग्रामीणों ने चार पांच दशक से अतिक्रमण कर रखा है। ग्रामीणों द्वारा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर मकान बनाने के साथ ही रिक्त भूमि पर खेती कार्य किया जा रहा है।
ग्राम पंचायत प्रशासन द्वारा व्यवसायिक परिसर निर्माण व अन्य विकास कार्यो के लिए अतिक्रमित भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने ग्राम सभा मे विधिवत प्रस्ताव पारित कर अतिक्रमणकारियों को बेदखली का नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने को कहा था।
नोटिस मिलने के बाद सात-आठ अतिक्रमणकारियों ने अवैध निर्माण से अपना सामान खाली कर दिया था। शेष अतिक्रमणकारी अतिक्रमण हटाने को तैयार नही थे। बुधवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए लटोरी तहसीलदार सुरेंद्र सिंह पैकरा, नायब तहसीलदार शैलेन्द्र दिवाकर, एसडीओपी अभिषेक पैकरा, चौकी प्रभारी अरुण गुप्ता भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
उनकी मौजूदगी में ग्राम पंचायत प्रशासन द्वारा एक्सीवेटर मशीन से अतिक्रमणकारियों द्वारा खाली किए गए अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई थी। तीन अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई पूर्ण हो चुकी थी। इसी बीच अतिक्रमणकारी और ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों में वाद विवाद शुरू हो गया।
इस दौरान अतिक्रमणकारियो एवं पंचायत प्रतिनिधियों व पंचायत के निर्णय के पक्षधर ग्रामीणों में जमकर मारपीट होने लगी। दोनों पक्ष के बीच पथराव होने लगा। पथराव की चपेट में आने से एक्सीवेटर मशीन समेत पुलिस बस और लटोरी चौकी का बोलेरो वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना स्थल पर मौजूद भारी पुलिस बल इस दौरान मूक बना रहा। मारपीट में शिवाराम पिता नैहर साय समेत घरभरन, चंद्रेश राजवाड़े, मटकू राजवाड़े सहित दर्जन भर ग्रामीणों के घायल होने की खबर है।
ग्राम पंचायत सुंदरगंज में पंचायत प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने का प्रस्ताव पारित कर अतिक्रमण हटाने विधिवत अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किया गया था। बुधवार को अतिक्रमण हटाने की तिथि निर्धारित कर राजस्व व पुलिस बल की मांग की गई थी।
उसी दौरान अतिक्रमणकारी और अतिक्रमण हटाने के पक्षधर ग्रामीण आपस मे भिड़ गए। पथराव के दौरान दो पुलिस वाहन एवं एक्सीवेटर क्षतिग्रस्त हो गए। राजस्व व पुलिस बल पर कोई हमला नही किया गया है- शिवानी जायसवाल एसडीएम सूरजपुर।
Edited by k.s thakur...



إرسال تعليق