'हरियाणा नहीं आएगी पंजाब की गाड़ी', पानी मुद्दे पर इनेलो की खास रणनीति; कहा- बॉर्डर पर ही वाहनों को रोक देंगे...

'हरियाणा नहीं आएगी पंजाब की गाड़ी', पानी मुद्दे पर इनेलो की खास रणनीति; कहा- बॉर्डर पर ही वाहनों को रोक देंगे...


चंडीगढ़। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) की बैठक में पंजाब से अपने हिस्से का पानी हासिल करने के लिए पंजाब सरकार पर दबाव बनाने का निर्णय लिया गया। बैठक में तय हुआ कि यदि पंजाब ने हरियाणा को उसके हिस्से का पानी नहीं दिया तो 25 मई से पंजाब के किसी भी सरकारी वाहन को हरियाणा-पंजाब की सीमा से नहीं गुजरने दिया जाएगा। यदि जरूरत पड़ी तो पंजाब के हर वाहन को हरियाणा में घुसने से रोका जाएगा।

Ad..


इनेलो की बैठक के बाद मीडिया को फैसले की जानकारी देते हुए पार्टी प्रमुख अभय सिंह चौटाला ने कांग्रेस पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपने हिस्से का पानी लेने में असमर्थ साबित हो रही है। हरियाणा में भाजपा की कमजोर सरकार है। हरियाणा सरकार यह तो कहती है कि पंजाब से अपने हिस्से का पानी लेकर रहेंगे, लेकिन प्रदेश की जनता के हित में कदम कुछ नहीं उठा रही है।

       Ad..


'हाथ पर हाथ रखकर नहीं बैठ सकता इनेलो'..

अभय सिंह ने कहा कि देवीलाल ने एक लड़ाई लड़ी, तब हमें हरियाणा प्रदेश मिला। उस समय पानी का बंटवारा भी हुआ था। पंजाब के मुख्यमंत्री ने वाहवाही लेने के लिए हमारा पानी कम कर दिया है। राष्ट्रीय पार्टियां हरियाणा में दोहरी राजनीति करती हैं। इनके बयान पंजाब में अलग और हरियाणा में अलग होते हैं।

पंजाब के वाहनों का हरियाणा में आवागमन लगा रहता है। जब पंजाब सरकार हमारा पानी रोक सकती है तो हम उनके वाहन रोक सकते हैं। अगर प्रदेश के लोग पानी की कमी से परेशान होंगे तो इनेलो हाथ पर हाथ रख कर नहीं बैठ सकता।

राज्यपाल से मिलेगा इनेलो..

इनेलो प्रमुख ने कहा कि हम राज्यपाल से मिलेंगे और उनके सामने यह मांग उठाएंगे कि वे सरकार पर दबाव बनाएं और हरियाणा को पानी दिलाएं। अगर 25 मई तक पानी नहीं मिला तो हम हरियाणा-पंजाब के जितने भी बॉर्डर हैं, वहां से पंजाब के किसी भी सरकारी वाहन को गुजरने नहीं देंगे।

यह कार्यक्रम फिलहाल एक दिन के लिए सांकेतिक होगा। अगर फिर भी पानी नहीं मिलता तो इसे आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि बीबीएमबी में हमारा एक सदस्य होता था, जो कि अब नहीं है।

पंजाब की कैबिनेट में भूपेंद्र सिंह हुड्डा के पिता मंत्री थे। उन्होंने उन कागजों पर साइन किए थे, जिसमें लिखा था कि हरियाणा को अलग प्रदेश नहीं बनना चाहिए। ये लोग तो हरियाणा बनाना ही नहीं चाहते थे। ऐसी पार्टियों से कैसे उम्मीद कर सकते हैं कि हरियाणा का हक दिलाएंगे।

नायब सरकार पर हमला..

हरियाणा सरकार द्वारा बीबीएमबी की तकनीकी बोर्ड की बैठक में 10 हजार क्यूसेक पानी मांगने पर अभय सिंह चौटाला ने कहा कि हरियाणा सरकार अपने हिस्से का नौ हजार क्यूसेक पानी तो ले नहीं पा रही है, मांग कर रहे हैं 10 हजार क्यूसेक पानी की। आज हमें एसवाईएल का पानी नहीं मिल रहा।

इसके लिए केंद्र सरकार और हमारे सांसद जिम्मेदार हैं। बैठक में इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा और विधायकों समेत पार्टी के समस्त प्रमुख पदाधिकारी शामिल रहे।



Edited by k.s thakur...




Post a Comment

أحدث أقدم