दीपावली पर भी घरों में नहीं होता रंग-रोगन, काले रंग की वस्तुओं से भी ग्रामीण करते हैं परहेज : काल भैरव मंदिर से जुड़ी है सदियों पुरानी मान्यता...
आलोट (रतलाम)। दीपावली का त्योहार आते ही जहां लोग अपने घरों को सजाने-संवारने और रंग-रोगन कराने में जुट जाते हैं, वहीं मध्यप्रदेश के रतलाम जिले के आलोट क्षेत्र का कछालिया गांव अपनी अनोखी परंपरा के लिए जाना जाता है।
Ad..
यहां वर्षों से चली आ रही मान्यता के चलते ग्रामीण अपने घरों में कभी रंग-रोगन नहीं कराते हैं। गांव में नया मकान बने या पुराना हो, उसकी दीवारों पर रंग करना वर्जित माना जाता है। ग्रामीण इस परंपरा को गांव में स्थित काल भैरव यानी कालेश्वर भगवान के मंदिर से जोड़कर देखते हैं।
Ad..
आलोट-जावरा मार्ग पर देहरी फंटे से करीब दो किलोमीटर अंदर बसे कछालिया गांव की आबादी लगभग 1200 है। यहां 300 से अधिक कच्चे-पक्के मकान हैं। दीपावली नजदीक होने के बावजूद गांव में किसी भी घर में रंगाई-पुताई की तैयारी नहीं दिखाई देती। ग्रामीणों का कहना है कि यह परंपरा उनके पूर्वजों के समय से चली आ रही है और आज भी पूरी आस्था के साथ इसका पालन किया जा रहा है।
Ad..
गांव के 80 वर्षीय पुजारी नाथूपुरी गोस्वामी और मोहनपुरी के अनुसार, उन्होंने अपने जीवनकाल में किसी भी ग्रामीण को घर पर रंग-रोगन कराते नहीं देखा। गांव में केवल सरकारी भवनों और मंदिर पर ही रंग किया जाता है। मंदिर में पूजा-अर्चना की व्यवस्था के लिए हर साल अलग-अलग पुजारी नियुक्त रहते हैं।
काले रंग की वस्तुओं का भी नहीं करते उपयोग
गांव की परंपराएं केवल घरों की रंगाई-पुताई तक सीमित नहीं हैं। सरपंच प्रतिनिधि जगदीशपुरी के मुताबिक, ग्रामीण काले रंग के कपड़े, जूते, मोजे और बेल्ट जैसी वस्तुओं का भी उपयोग नहीं करते हैं। यहां तक कि पानी भी छानकर नहीं पीने की परंपरा है। विवाह समारोह के दौरान दूल्हा घोड़ी पर बैठकर मंदिर के सामने से नहीं गुजरता। शादी के अवसर पर घरों में सजावटी डिजाइन भी नहीं बनाई जाती हैं।
रोजगार सहायक शांतिलाल बताते हैं कि गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करीब 50 मकानों का निर्माण हुआ है, लेकिन इन मकानों पर भी परंपरा के अनुसार रंग-रोगन नहीं कराया गया है।
मंदिर में मन्नत मांगने दूर-दूर से पहुंचते हैं श्रद्धालु
गांव के काल भैरव मंदिर में दर्शन और मन्नत मांगने के लिए इंदौर, उज्जैन, मंदसौर और रतलाम सहित कई क्षेत्रों से श्रद्धालु पहुंचते हैं। ग्रामीणों की मान्यता है कि मंदिर में सच्चे मन से मांगी गई मन्नत पूरी होती है। विशेषकर भैरव पूर्णिमा के अवसर पर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है।
परंपरा तोड़ने से नुकसान होने की मान्यता
ग्रामीण नंदलाल चौहान बताते हैं कि उनके दादा-परदादा के समय से ही कालेश्वर महाराज के ओटले से जुड़ी परंपराएं चली आ रही हैं। यह ओटला वर्षों पुराना है। कुछ साल पहले इसका निर्माण कर मंदिर का स्वरूप दिया गया और वहां कालेश्वर महाराज की प्रतिमा स्थापित की गई। उनके नाना शंकरलाल, जिनका पांच वर्ष पहले 107 वर्ष की उम्र में निधन हुआ था, भी हमेशा यही कहते थे कि गांव में घरों पर रंग नहीं करना चाहिए और मंदिर के सामने से कोई दूल्हा घोड़ी पर बैठकर नहीं निकलना चाहिए।
ग्रामीणों के बीच ऐसी मान्यता भी प्रचलित है कि परंपरा का उल्लंघन करने वालों को नुकसान उठाना पड़ता है। एक ग्रामीण के अनुसार, करीब सात वर्ष पहले मंदिर के पास बने एक मकान में सफेद पुट्टी कराई गई थी, लेकिन कुछ ही दिनों बाद मकान मालिक को घर छोड़ना पड़ा और उसे आर्थिक नुकसान हुआ।
इसी तरह पास के रछालिया गांव में एक विवाह के दौरान दूल्हे की बिंदोरी घोड़े पर निकाली जा रही थी। मंदिर के पास पहुंचते ही घोड़ा अचानक गिर गया और आगे नहीं बढ़ा। परिजनों द्वारा मंदिर के ओटले पर जाकर माफी मांगने और अपनी गलती स्वीकार करने के बाद ही घोड़ा खड़ा हुआ।
आधुनिकता के दौर में भी कछालिया गांव के ग्रामीण अपनी पुरानी मान्यताओं और परंपराओं को पूरी निष्ठा से निभा रहे हैं। यही वजह है कि दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर भी यहां घरों की दीवारें बिना रंग-रोगन के नजर आती हैं।
Edited by k.s thakur...





0 Comments