CG news : ठेकेदार के घर से 4.34 लाख रुपये की चोरी, मजदूर का बेटा साथी समेत गिरफ्तार...
बिलासपुर। तिफरा के यादव नगर में ठेकेदार के घर से 4 लाख 34 हजार रुपये नकद चोरी होने का मामला सामने आया है। मकान में टाइल्स लगाने के काम के दौरान मजदूर के बेटे ने अपने एक साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
Ad..
दोनों आरोपित अलमारी का ताला तोड़कर नकदी लेकर फरार हो गए। मामले में पुलिस ने एक नाबालिग समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 3 लाख 50 हजार रुपये बरामद किए हैं।
Ad..
पुलिस के अनुसार, यादव नगर निवासी रामसागर यादव (64) मकान निर्माण की ठेकेदारी करते हैं। उनके घर में टाइल्स लगाने का काम चल रहा था, जिसकी जिम्मेदारी उन्होंने पवन साहू को सौंपी थी। पवन अपने बेटे के साथ काम करने आता था। इसी दौरान 31 अक्टूबर की रात दो लड़कों ने घर में घुसकर अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखे 4.34 लाख रुपये चोरी कर लिए।
Ad..
नकदी गायब होने की जानकारी मिलने पर रामसागर यादव ने आरोपितों के परिजनों से संपर्क कर रकम वापस कराने की मांग की, लेकिन उन्होंने चोरी की घटना से इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद सिरगिट्टी पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और दोनों आरोपितों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उनके कब्जे से करीब 3.50 लाख रुपये बरामद किए गए। शेष रकम के संबंध में पुलिस पूछताछ कर रही है।
सिरगिट्टी थाना प्रभारी किशोर केंवट ने बताया कि चोरी के मामले में एक नाबालिग समेत दो आरोपितों को पकड़ा गया है। पुलिस बरामदगी के साथ शेष रकम के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
Edited by k.s thakur...





0 Comments