CG news : नाबालिग बेटी से दुष्कर्म, फर्जी दस्तावेजों और नवजात को बेचने के मामले में पुलिस ने दो और आरोपितों को गिरफ्तार...
रायपुर : नाबालिग बेटी से दुष्कर्म कर उसे गर्भवती करने, फर्जी दस्तावेजों से बालिग बताकर प्रसव कराने और नवजात को बेचने के मामले में पुलिस ने दो और आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
Ad..
पखांजूर निवासी सुब्रत बिश्वास (32) पर नवजात को खरीदने और रायपुर निवासी पूनम सागरिया पर नाबालिग का फर्जी आधार कार्ड तैयार करने का आरोप है। पुलिस ने सुब्रत के कब्जे से नवजात को सकुशल बरामद कर मातृछाया में सुरक्षित रखा है। अब तक आठ आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं। जांच में नर्सों के नेटवर्क की भूमिका भी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, पूर्व में गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ में नवजात को सुब्रत को बेचे जाने की जानकारी मिली। सुब्रत नर्स गीता राय का भाई है और करीब 14 वर्षों से संतान नहीं होने के कारण बच्चे की तलाश में था।
आरोपित गीता राय ने उससे संपर्क कर बच्चे के संबंध में जानकारी दी थी। पुलिस के अनुसार, करीब 1.10 लाख रुपये में नवजात का सौदा किया गया। रकम के बंटवारे और अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी है।
पूनम सागरिया पर मोबाइल के माध्यम से नाबालिग के आधार कार्ड में उम्र में बदलाव कर उसे बालिग दर्शाने का आरोप है। फर्जी दस्तावेज के आधार पर उसे वासुदेव अस्पताल में भर्ती कराया गया और प्रसव कराया गया। अस्पताल प्रबंधन ने दस्तावेजों का सत्यापन किस तरह किया, इसकी भी पुलिस जांच कर रही है।
जांच में नाबालिग के पिता पर बेटी से दुष्कर्म करने और घटना छिपाने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार कराने व नवजात को बेचने की कोशिश का आरोप है। पिता पर नाबालिग को शराब पीने के लिए मजबूर करने और विरोध करने पर मारपीट करने का भी आरोप है। उसकी बुआ पर भी गाली-गलौज, मारपीट और शराब पिलाने में सहयोग करने का आरोप है। पुलिस ने मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और पैसों के लेन-देन की जांच जारी रखी है।
Edited by k.s thakur...



0 Comments