CG news : BJP विधायक रामकुमार टोप्पो विवाद के बाद राजापुर SDM तुषार मानिक हटाए गए, प्रशासनिक हलकों में बढ़ी हलचल...
अंबिकापुर : सीतापुर से भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो (BJP MLA Ramkumar Toppo) पर मारपीट का आरोप लगाने वाले नायब तहसीलदार तुषार मानिक को राजापुर उप तहसील से हटा दिया गया है।
Ad..
कलेक्टर अजीत वसंत द्वारा जारी आदेश के अनुसार, तुषार मानिक को अंबिकापुर कलेक्टर कार्यालय से संबद्ध किया गया है। वहीं राजापुर उप तहसील का अतिरिक्त प्रभार मैनपाट के तहसीलदार उमेश बाज को सौंपा गया है।
जानकारी के अनुसार, 27 मई को नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों पर राजापुर उप तहसील कार्यालय में बुलाकर मारपीट करने का आरोप लगाया था। इस मामले में विधायक के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई थी।
दूसरी ओर, विधायक पक्ष की ओर से भी तुषार मानिक पर विधायक की बहन के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया गया। दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर पुलिस ने काउंटर एफआईआर दर्ज की थी।मामले को लेकर प्रदेश के तहसीलदार और नायब तहसीलदारों में नाराजगी देखने को मिली थी।
अधिकारियों ने विधायक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हड़ताल शुरू कर दी थी। बाद में विधायक समर्थक दो नामजद आरोपितों के थाने में समर्पण करने के बाद हड़ताल स्थगित कर दी गई।
कलेक्टर अजीत वसंत ने तुषार मानिक को हटाने का आदेश तीन जून को जारी किया था। इस कार्रवाई के बाद अब प्रशासनिक गलियारों में एसडीएम सीतापुर के संभावित तबादले की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।
Edited by k.s thakur...



Post a Comment