CG news : गड़े खजाने का मायाजाल, जमीन से निकला 'हंडा' बताकर बेच दिया नकली सोना, अंतरराज्यीय गिरोह के 5 ठग गिरफ्तार...
दुर्ग : जमीन में गड़ा हुआ जादुई खजाना आज के इस आधुनिक दौर में भी लोगों को कितनी आसानी से मूर्ख बना सकता है, इसका एक उदाहरण दुर्ग जिले में देखने को मिला है।
Ad..
दुर्ग पुलिस ने एक ऐसे ही शातिर ठग गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो लोगों को जमीन से सोने का हंडा मिलने की मनगढ़ंत कहानी सुनाकर जाल में फंसाता था और कौड़ियों के भाव की पीली धातु को असली सोना बताकर लाखों रुपये ऐंठ लेता था।
पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल मामले में गिरोह के पांच मुख्य किरदारों को धरदबोचा है।यह पूरा खेल तब शुरू हुआ जब बोरसी निवासी जितेंद्र साहू ने उतई थाने में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने जब तफ्तीश की, तो जो कहानी सामने आई उसने सबको हैरान कर दिया।
गिरोह का मास्टरमाइंड पन्नालाल कुर्रे और उसके साथी बेहद शातिर अंदाज में शिकार ढूंढते थे। ये लोगों के सामने बेहद गोपनीय तरीके से खुलासा करते थे कि उन्हें खुदाई के दौरान जमीन के भीतर गड़ा हुआ एक पुराना हंडा मिला है, जो सोने के बिस्किटों और प्राचीन सिक्कों से लबालब भरा है।
लोगों को झांसा देने के लिए वे कहते थे कि यदि वे इसे बाजार में बेचेंगे तो पकड़े जाएंगे, इसलिए वे इसे बहुत ही कम कीमत में बेचने को तैयार हैं। सस्ते सोने के लालच में आकर लोग अपनी जिंदगी की गाढ़ी कमाई इनके हवाले कर देते थे।मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया।
तकनीकी विश्लेषण, मोबाइल लोकेशन और मुखबिरों के नेटवर्क का इस्तेमाल कर पुलिस ने छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में एक साथ दबिश दी। पकड़े गए आरोपियों में दिनेश कुमार टंडन (50, गाड़ाडीह), पन्नालाल कुर्रे (42, कोरबा), गणेशराम गंधर्व (56, कबीरधाम), रामस्वरूप रौतेल (30, डिंडोरी, मध्य प्रदेश) और भानुप्रताप डहरिया (40, पाटन) शामिल हैं।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी पन्नालाल कुर्रे के खिलाफ पहले भी ठगी के कई मामले दर्ज हैं, वहीं दिनेश टंडन भी पुराना आदतन अपराधी है। पुलिस ने इन ठगों के पास से लगभग 1.242 किलोग्राम सोने जैसे दिखने वाले नकली बिस्किट...
6.38 ग्राम का एक नकली सिक्का, वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली कार और कई मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इस गिरोह ने अब तक और कितने मासूम लोगों को अपनी ठगी का शिकार बनाया है।
Edited by k.s thakur...



0 Comments