CG news : बेकाबू ट्रक ने राहगीरों को रौंदा, एक की मौत, नाराज ग्रामीणों ने पांच घंटे तक जशपुर-रांची NH 43 किया जाम...
जशपुरनगर : तेज रफ्तार ट्रक बेकाबू होकर राहगीरों को रौंदते हुए सड़क किनारे बने पूर्व सरपंच के घर में जा घुसा। हादसे में एक बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद प्रशासन पर लापरवाही का आरोप और मुआवजा की मांग करते हुए स्थानीय रहवासियों ने एनएच-43 पर जाम लगा दिया।
Ad..
मौके पर पहुंचे एएसपी राकेश पाटनवार सहित अधिकारियों ने मशक्कत के बाद जाम खुलवाकर आवाजाही शुरू कराई। घटना लोदाम की है।जानकारी के अनुसार सब्जी लोड करके जशपुर से पश्चिम बंगाल की ओर जा रहा ट्रक लोदाम बस्ती के पास पहुंचते ही बेकाबू हो गया।
Ad..
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक दो बाइक, एक ट्रैक्टर और एक ऑटो को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे बिजली के खंभे से जा टकराया। ट्रक की रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बिजली के खंभे से टकराने के बाद लोदाम के पूर्व सरपंच कांति प्रधान के घर में जा घुसा।
इस भीषण दुर्घटना मेंं बाइक चालक चंद्रप्रकाश भगत (35 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक लोदाम का ही रहने वाला था। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित लोगों ने एनएच-43 पर जाम लगा दिया।
लोगों का आरोप था कि घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाने के लिए सही समय पर एंबुलेंस नहीं मिल पाई।दुर्घटना के बाद लगभग पांच घंटे तक जशपुर-रांची एनएच-43 पर आवाजही पूरी तरह से ठप रही।
इससे दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। अंततः लगभग साढ़े 12 बजे अधिकारियों ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। मामले में अपराध पंजिबद्व कर पुलिस जांच में जुटी हुई। घटना के बाद फरार चालक की तलाश की जा रही है।
Edited by k.s thakur...




Post a Comment