CG news : बाजार से लौट रहे चार युवकों की सड़क हादसे में मौत...
अंबिकापुर : अंबिकापुर बलरामपुर जिले के सनावल रोड स्थित ग्राम पीपरपान के पास रविवार शाम हुए सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक पर न केवल लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने, बल्कि घायलों को सड़क पर तड़पता छोड़कर फरार हो जाने और अमानवीय व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगे हैं।
Ad..
घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।मृतकों की पहचान रमेश पण्डो (19) पिता सुखाड़ी पण्डो, मनोज पण्डो (21) पिता हरिचरण पण्डो, नरेश पण्डो (19) पिता प्रभु पण्डो तथा राकेश पण्डो (17) पिता सीताराम पण्डो सभी निवासी सनावल के रूप में हुई है।
Ad..
बताया गया है कि सभी युवक डिंडो बाजार गए हुए थे और शाम को अपने गांव लौट रहे थे।स्वजन के अनुसार, शाम करीब 6:30 बजे सुन्दरपुर मोड़ से आगे सनावल रोड पर ग्राम पीपरपान के पास ईंट से लदे एक ट्रैक्टर ने तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए युवकों को टक्कर मार दी।
आरोप है कि हादसे के बाद चालक प्रेमचंद यादव ने वाहन रोकने के बजाय घायलों को करीब 100 मीटर तक घसीट दिया।स्वजन का आरोप है कि चालक ने घायलों को वाहन से निकालकर सड़क किनारे फेंक दिया और ट्रैक्टर का इंजन अलग कर मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद न तो एम्बुलेंस को सूचना दी गई और न ही घायलों को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया गया। बाद में राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक चारों युवकों की मौत हो चुकी थी।
स्वजन का कहना है कि यदि समय पर इलाज मिलता और चालक मानवता दिखाते हुए तत्काल सहायता करता, तो संभवतः युवकों की जान बचाई जा सकती थी।
परिजनों ने चालक की लापरवाही और कथित अमानवीय व्यवहार को मौत का प्रमुख कारण बताया है।घटना को लेकर यह भी आरोप लगाया गया है कि अशोक यादव पिता रामनारायण यादव दुर्घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर का इंजन छिपाने के लिए ग्राम बगरा स्थित अपने ससुराल ले गया, जबकि रामनारायण यादव द्वारा ट्रैक्टर को छिपाने और साक्ष्य मिटाने में सहयोग किया गया।
घटना के बाद मृतकों के स्वजन और ग्रामीणों में नाराजगी है। उन्होंने प्रशासन से दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को तत्काल बरामद करने, चालक प्रेमचंद यादव सहित संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर शीघ्र गिरफ्तारी करने तथा साक्ष्य मिटाने, दुर्घटना के बाद फरार होने और घायलों की मदद नहीं करने जैसे आरोपों में कठोर कार्रवाई की मांग की है।
Edited by k.s thakur...




Post a Comment