कटिहार में भीषण सड़क हादसा, बस और पिकअप वैन की भिड़ंत में 13 की मौत; 32 घायल...

कटिहार में भीषण सड़क हादसा, बस और पिकअप वैन की भिड़ंत में 13 की मौत; 32 घायल...


कटिहार : कोढ़ा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर दादपुर और बसगारा चौक के बीच शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 32 लोग के गंभीर रूप से घायल हो गए।

Ad..



हादसा उस वक्त हुआ जब पूर्णिया से भागलपुर जा रही एक तेज रफ्तार बस कोढ़ा के बसगाढ़ा के समीप अनियंत्रित होकर सामने से आ रही पिकअप वैन से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस की चपेट में एक स्कॉर्पियो और तीन बाइक भी आई हैं।

   Ad..


मृतकों में पिकअप पर सवार के साथ-साथ एक बाइक चालक भी शामिल हैं। बाइक सवार की पहचान पूर्णिया जिले के बीकोठी महादेव टोला निवासी सदानंद मुर्मू (32) के रूप में हुई है। वह कोढ़ा के मड़वा से घर लौट रहे थे।

पिकअप पर सवार सभी लोग पूर्णिया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत सुहवा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। ये लोग झारखंड के दुमका के भोगनाडीह से पूजा कर लौट रहे थे। पिकअप पर लगभग 35 लोग सवार थे। पिकअप पर लगे बैनर से यह जानकारी मिली है, जिसमें जियन मारांग बुरु जय शंकर सहित अन्य विवरण अंकित था।

इलाज के दौरान 3 लोगों की मौत..

इसके अलावा पूर्णिया मेडिकल कालेज अस्पताल में इलाज के दौरान तीन और लोगों की मौत हो गई, जिनमें तल्लू सोरेन और दुर्गा बासुकी की पहचान हुई है, जबकि एक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है।

घटना में स्कॉर्पियो सवार और दो अन्य बाइक चालक समेत आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई।

स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजने की व्यवस्था की।

इन लोगों की हुई मौत..


  • तलवी देवी- सोहा गांव, पति--बबलू हांसदा-45 वर्ष
  • राधिका उरांव- पिता- बबलू हासदा,
  • बेटियां देवी- पति- हनु हांसदा- 35 वर्ष
  • तलकु सोरेन- पति- ताला हसदा,
  • अमनमैं देवी- पति- ननकू हासदा
(सभी- थाना- मुफस्सिल रानी पटरा, वार्ड 9 पंचायत गोरहा, गांव- सोहा)

  • बाइक चालक- सदानंद मुम्रु, महादेवपुर टोला, हरीरहि थाना- बड़हरा कोठी, जिला पूर्णिया
  • पिकअप चालक- चिंता मणि महतो, 32 वर्ष, गौरा पंचायत, गांव, सोहा रानीपतरा पूर्णिया

मृतकों को 2-2 लाख की सहायता..

हादसे की जानकारी मिलते ही जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पोस्टमार्टम हाउस परिसर में मृतकों के स्वजनों की भारी भीड़ जमा हो गई।

अपनों को खोने के गम में परिजन बिलखते नजर आए और चारों ओर चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। स्थिति को देखते हुए प्रशासन की ओर से लोगों से शांति और व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई।

डीएम ने बताया कि मृतकों के स्वजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की सहायता दी जाएगी, जबकि घायलों को 50-50 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र नाथ सिंह, डीएस डॉ. शंभु चौधरी सहित एसडीओ, एसडीपीओ और अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर मौजूद थे।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने जताया दुख..


कटिहार में हुई घटना से दुखी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतकों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है और मृतकों के आश्रितों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 02-02 लाख रूपये अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपये अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया।

वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी इस घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि कटिहार में बस और पिकअप में टक्कर से हुई भीषण सड़क दुर्घटना की सूचना दुःखद और पीड़ादायक है। इस भयावह हादसे में 10 लोगों के असामयिक निधन से मन अत्यंत व्यथित है।

सांसद पप्पू यादव ने जताया गहरा शोक..

सिन्हू-कानू की पूजा कर झारखंड से लौट रहे आदिवासी समाज के श्रद्धालुओं की कोढ़ा में बस और मैजिक की भीषण टक्कर में 10 लोगों की मौत तथा दो दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की दुखद सूचना मिलने पर पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

घटना में मरने वाले और घायल लोग पूर्णिया पूर्वी के निवासी हैं। उन्होंने इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इस हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन ली हैं और यह पूरे समाज के लिए पीड़ादायक क्षण है।

सांसद पप्पू यादव ने कहा कि आदिवासी समाज के लोग पूजा-अर्चना कर अपने घर लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक दुर्घटना हो गई, जिसने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया।

उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

घटना की जानकारी मिलते ही सांसद पप्पू यादव ने अपने प्रतिनिधि राजेश यादव सहित अन्य सहयोगियों को तत्काल जीएमसीएच भेजा, ताकि घायलों को बेहतर इलाज में हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

कुछ घायलों का इलाज जीएमसीच और कुछ का इलाज कटिहार में चल रहा है। सांसद ने कहा कि इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा रहना हम सभी का मानवीय दायित्व है और जरूरत पड़ने पर हरसंभव मदद की जाएगी।

इस दौरान सांसद प्रतिनिधि राजेश यादव ने कहा कि घायलों के उपचार की व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा अस्पताल प्रशासन से समन्वय कर हर आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उन्हें इस कठिन समय में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

सांसद पप्पू यादव ने प्रशासन से दुर्घटना की जांच कर पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।






Edited by k.s thakur...

Post a Comment

Previous Post Next Post