SIR में जिन लोगों का कट गया नाम उन्हें अब क्या करना है? ड्राफ्ट वोटर लिस्ट पब्लिश होने के बाद भी मिल रहा मौका...
संभल जिले में एसआइआर प्रक्रिया के तहत 1,07,958 मतदाताओं को नोटिस भेजे जाएंगे, जिनकी मैपिंग पूरी नहीं हुई है। फिलहाल उनके नाम अनन्तिम सूची में बरकरार हैं। कुल 3,18,601 नाम सूची से हटाए गए हैं। मतदाता नोटिस के बाद दस्तावेज प्रस्तुत कर नाम बरकरार रख सकते हैं। नए मतदाता फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। यह प्रक्रिया मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए की जा रही है।
Ad..
बहजोई। जनपद में एसआइआर प्रक्रिया के तहत जारी अनन्तिम मतदाता सूची में सबसे बड़ा फोकस उन 1,07,958 मतदाताओं पर है, जिनकी मैपिंग पूरी नहीं हो पाई है। ऐसे सभी मतदाताओं के नाम फिलहाल सूची में बनाए गए हैं, लेकिन अब उन्हें नोटिस भेजे जाएंगे।
Ad..
वहीं जिन नामों को कटने की श्रेणी में पाया गया था, उन्हें अनन्तिम सूची से हटा दिया गया है। इस सूची में जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों की अनन्तिम मतदाता सूची शामिल है। जिन 1,07,958 मतदाताओं की मैपिंग पूरी नहीं हो सकी है, उन्हें अब नोटिस भेजे जाएंगे।
मैपिंग न होने का कारण यह है कि मैपिंग के लिए निर्धारित तीन मानकों में से कोई भी पूरा नहीं हो सका। इसमें वर्ष 2003 की एसआइआर सूची में स्वयं मतदाता का नाम होना, या फिर उसके माता-पिता का नाम, या फिर उसके दादा-दादी अथवा नाना-नानी का नाम सूची में होना आवश्यक था। जिन मामलों में यह कड़ी पूरी नहीं हो पाई, वहां मैपिंग संभव नहीं हो सकी।
ऐसे मतदाताओं को नोटिस भेजे जाएंगे। नोटिस मिलने के बाद यदि संबंधित मतदाता निर्धारित समय में अपना दावा और दस्तावेज प्रस्तुत करता है, तो उसका नाम मतदाता सूची में यथावत रहेगा और अंतिम प्रकाशन में भी शामिल किया जाएगा।
एसआइआर के तहत विधानसभा वार देखें तो गुन्नौर विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 41,162 मतदाताओं को नोटिस भेजे जाएंगे। इसके बाद चंदौसी विधानसभा क्षेत्र में 31,586 मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे।
असमोली विधानसभा क्षेत्र में 18,986 मतदाताओं को नोटिस भेजे जाने हैं, जबकि संभल विधानसभा क्षेत्र में 16,224 मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे। जिला स्तर पर कुल 1,07,958 मतदाता बिना मैपिंग की श्रेणी में हैं, जिन्हें नोटिस देकर अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाएगा।
ऐसे बन सकते हैं नए मतदाता, फार्म-6 से होगा नाम शामिल...
अनन्तिम मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही नए मतदाताओं को सूची में शामिल होने का अवसर भी दिया गया है। जिन नागरिकों की आयु एक जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूरी हो चुकी है या पूरी हो रही है, वे नए मतदाता के रूप में अपना नाम शामिल करा सकते हैं। इसके लिए उन्हें फार्म संख्या छह भरना होगा। फार्म के साथ घोषणा पत्र और आयु व निवास से संबंधित आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे।
इसके अलावा यदि किसी मतदाता का नाम एसआइआर गणना प्रक्रिया के दौरान किसी कारणवश कट गया है, तो वह भी नए सिरे से फार्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम शामिल करने के लिए आवेदन कर सकता है। आवेदन आनलाइन और आफलाइन दोनों माध्यमों से किया जा सकता है। दावे-आपत्तियों की अवधि के दौरान प्राप्त सभी आवेदनों का सत्यापन किया जाएगा और पात्र पाए जाने पर संबंधित नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे।
संभल में 1,53,926, चंदौसी में 99,093, गुन्नौर में 95,311 और असमोली में 50,271 नाम घटे..
जिला प्रशासन की ओर से एसआइआर के बाद विधानसभा वार संशोधित मतदाता आंकड़े जारी किए गए हैं, जिनसे जनपद में मतदाता सूची में बड़े स्तर पर संशोधन सामने आया है। चारों विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर कुल 3,18,601 मतदाताओं के नाम सूची से कम हुए हैं।
विधानसभा वार स्थिति देखें तो संभल विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 1,53,926 मतदाताओं की कटौती दर्ज की गई है, जहां एसआइआर से पूर्व 3,72,338 मतदाता थे और संशोधन के बाद यह संख्या घटकर 2,18,412 रह गई। इसके बाद चंदौसी विधानसभा क्षेत्र में 99,093 नाम कम हुए हैं, जहां मतदाता संख्या 3,99,331 से घटकर 3,00,238 हो गई।
गुन्नौर विधानसभा क्षेत्र में भी बड़ी कमी दर्ज की गई है, यहां एसआइआर से पहले 4,19,373 मतदाता थे, जो एसआइआर के बाद 3,24,062 रह गए और 95,311 नाम कम हुए। असमोली विधानसभा क्षेत्र में चारों में सबसे कम कटौती हुई है, जहां 3,79,264 मतदाताओं में से 50,271 नाम घटे और संशोधित संख्या 3,28,993 रह गई।
जिला स्तर पर चारों विधानसभाओं में कुल 857 मतदान केंद्र और 1,792 बूथ दर्ज हैं। एसआइआर से पहले जनपद में कुल 15,70,306 मतदाता थे, जबकि संशोधन के बाद यह संख्या घटकर 12,51,705 रह गई है।
Edited by k.s thakur...




Post a Comment