AAP के 5 बड़े नेताओं की बढ़ी टेंशन; BJP-कांग्रेस के दिग्गज चेहरों ने रोचक बना दिया दिल्ली चुनाव...
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पहली सूची जारी की है। इससे पहले आम आदमी पार्टी ने सभी 70 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। वहीं कांग्रेस ने भी 48 प्रत्याशियों का एलान कर दिया है। इस लिस्ट में आम आदमी पार्टी के टॉप लीडरशिप को घेरने के लिए भाजपा और कांग्रेस ने दिग्गज चेहरों को उतारा है।
Ad..
चुनावी रण में सबसे बड़ा नाम दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल का है। यहां पर भाजपा ने अपने फायरब्रांड नेता प्रवेश वर्मा को टिकट दिया है। इसकी पहले से ही संभावना जताई जा रही थी कि केजरीवाल के खिलाफ प्रवेश वर्मा को उतारा जा सकता है। कई बार प्रवेश वर्मा ने भी संकेत दिए थे कि वह ही केजरीवाल के खिलाफ उतरेंगे।
Ad..
उन्होंने तब कहा था कि पार्टी ने उन्हें नई दिल्ली सीट पर अपनी तैयारी शुरू करने को कहा था। वहीं कांग्रेस भी केजरीवाल से पुराना हिसाब चुकता करना चाहती है। इसी को देखते हुए पूर्व सीएम शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित को टिकट दिया गया है।
Ad..
बीजेपी के पूर्व सांसद से आतिशी का मुकाबला..
नई दिल्ली के अलावा जो दूसरी सीट इन दिनों सुर्खियों में है, वह है कालकाजी सीट। दरअसल, आम आदमी पार्टी यहां से दो बार से कब्जा बनाई हुई है। 2015 में आप से अवतार सिंह विधायक थे। वहीं 2020 के चुनाव में आतिशी ने बीजेपी के धर्मबीर को 11 हजार से अधिक मतों से हराया था। अब यहां पर बीजेपी ने अपने फायरब्रांड नेता रमेश बिधूड़ी को उतारा है।
रमेश बिधूड़ी पहले दक्षिणी दिल्ली से सांसद रह चुके हैं। लोकसभा चुनाव के लिए उन्हें टिकट नहीं दिया गया था। इस बार उन्हें आतिशी के खिलाफ उतारा गया है। वहीं कांग्रेस ने अपनी तेजतर्रार नेता अलका लांबा को यहां से टिकट दिया गया है। अलका लांबा महिला कांग्रेस की वर्तमान अध्यक्ष भी हैं। वह चांदनी चौक सीट से आप के टिकट पर विधायक बन चुकी हैं।
जंगपुरा सीट पर दिग्गजों के बीच 'जंग'..
तीसरी सीट जंगपुरा की है, जहां पर तीन दिग्गजों के बीच जंग है। दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया इस सीट से आप के उम्मीदवार है। सिसोदिया इससे पहले पटपड़गंज सीट से चुनाव जीतते थे। लेकिन इस बार हवा की रुख को भांपते हुए उन्हें जंगपुरा की सीट दी गई है। वहीं कांग्रेस ने इस सीट पर फरहाद सूरी को उतारा है।
फरहाद सूरी दिल्ली कांग्रेस की दिग्गज नेता ताजदार बाबर के बेटे हैं। ताजदार बाबर दो बार विधायक रह चुकी हैं। वह पार्षद का चुनाव जीतते रहे हैं। वहीं, भाजपा ने तरविंदर सिंह मारवाह को सिसोदिया के खिलाफ उतारा है। मारवाह कभी कांग्रेस के ही चेहरे थे। वह जंगपुरा सीट से तीन बार विधायक रह चुके हैं। वह 2022 में भाजपा में चले गए थे।
आप के 'नाक' का सवाल बनी पटपड़गंज सीट..
इसके बाद जिस सीट की चर्चा हो रही है, वह है पटपड़गंज सीट। यहां से आम आदमी पार्टी ने मशहूर शिक्षक अवध ओझा को उतारा है। अवध ओझा यूपीएससी के छात्रों को कोचिंग पढ़ाते हैं। उनकी छात्रों के बीच काफी गहरी पैठ है। हाल ही में वह आप में शामिल हुए थे और उन्हें सिसोदिया की सीट से उम्मीदवार बनाया गया।
भाजपा ने यहां से रविंद्र सिंह नेगी को टिकट दिया गया है। 2020 के विधानसभा चुनाव में भी नेगी पटपड़गंज से उम्मीदवार थे। उनका मुकाबला सिसोदिया से था। जोरदार प्रचार के बावजूद नेगी सिसोदिया से महज 3,207 वोटों से हार गए थे। वहीं कांग्रेस ने अपने दिग्गज चेहरे अनिल चौधरी को यहां से टिकट दिया है। अनिल चौधरी दिल्ली कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं।
मालवीय नगर सीट पर मुकाबला दिलचस्प..
पांचवी सीट जिसपर जबर्दस्त मुकाबला दिख रहा है, वह मालवीय नगर सीट। आम आदमी पार्टी ने इस सीट से सोमनाथ भारती को उतारा है। सोमनाथ भारती 2014 के लोकभा चुनाव में नई दिल्ली सीट से भी उम्मीदवार थे। तब उन्हें बीजेपी की बांसुरी स्वराज से हार का सामना करना पड़ा था।
इस सीट से भाजपा ने अपने दिग्गज नेता सतीश उपाध्याय को उतारा है। वह दिल्ली बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। वर्तमान में वह नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) के उपाध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। वहीं कांग्रेस ने जितेंद्र कुमार कोचर को यहां से उम्मीदवार बनाया है। कोचर इससे पहले नगर निगम के नेता सदन रह चुके हैं।
इन सीटों पर भी लड़ाई है त्रिकोणीय..
इसके अलावा दिल्ली की कई ऐसी सीट है, जहां पर मुकाबला काफी रोचक है। इसमें जनकपुरी सीट है। यहां से भाजपा ने आशीष सूद जबकि आप ने प्रवीण कुमार को उम्मीदवार बनाया है। वहीं बिजवासन से बीजेपी ने आप के बागी कैलाश गहलोत को उतारा है। यहां से आप ने सुरेंद्र भारद्वाज को जबकि कांग्रेस ने देवेंद्र सहरावत को टिकट दिया है। भाजपा ने विजेंद्र गुप्ता को रोहिणी से, राजौरी गार्डन से मनजिंदर सिंह सिरसा और गांधी नगर से कांग्रेस के बागी अरविंद सिंह लवली को उतारकर मुकाबला दिलचस्प बना दिया है।
| सीट | आप | कांग्रेस | बीजेपी |
| नई दिल्ली | अरविंद केजरीवाल | संदीप दीक्षित | प्रवेश वर्मा |
| कालकाजी | आतिशी | अलका लांबा | रमेश बिधूड़ी |
| जंगपुरा | मनीष सिसोदिया | फरहाद सूरी | तरविंदर सिंह मारवाह |
| पटपड़गंज | अवध ओझा | अनिल चौधरी | रविंद्र सिंह नेगी |
| मालवीय नगर | सोमनाथ भारती | जितेंद्र सिंह कोचर | सतीश उपाध्याय |
| बिजवासन | कैलाश गहलोत | देवेंद्र सहरावत | सुरेंद्र भारद्वाज |
| जनकपुरी | प्रवीण कुमार | - | आशीष सूद |
Edited by k.s thakur...





Post a Comment