LG के आदेश पर दिल्ली पुलिस का एक्शन, बांग्लादेशी घुसपैठियों को खदेड़ने का काम शुरू...
दक्षिणी दिल्ली। राजधानी और एनसीआर के लिए नासूर बने बांग्लादेशी घुसपैठियों की धरपकड़ के लिए दिल्ली पुलिस ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। उपराज्यपाल वीके सक्सेना निर्देश के बाद दक्षिणी पूर्वी जिला पुलिस ने बुधवार को कालिंदी कुंज इलाके में अभियान चलाकर अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों की तलाश की।
Ad..
पुलिस के आने की भनक लगते ही कई संदिग्ध फरार हो गए। पुलिस को कई संदिग्ध भी मिले हैं। इनकी रिपोर्ट तैयार कर जल्द एफआरआरओ (फारनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस) को साझा की जाएगी।
Ad..
खदेड़े जाएंगे बांग्लादेशी घुसपैठिए..
उपराज्यपाल ने देश की सुरक्षा के लिए खतरा बन चुके बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें देश से खदेड़ने के निर्देश दिए थे। इसके तहत दक्षिणी पूर्वी जिला पुलिस की कई टीम ने कालिंदी कुंज स्थित 100 फुटा रोड पर सत्यापन अभियान चलाया। इसके तहत यहां रहने वाले करीब 150 महिला, पुरुष व बच्चों के पहचान संबंधी दस्तावेजों की वेरिफिकेशन की गई।
खुद को बताया असम का, लेकिन नहीं थे दस्तावेज..
इस दौरान पुलिस को कुछ संदिग्ध भी मिले। उन्होंने खुद को असम का बताया, लेकिन पहचान संबंधी दस्तावेज पेश नहीं कर सके। पुलिस ने इनके बारे में सारी जानकारी रिकॉर्ड में ली है। इन पर निगरानी रखने के लिए पुलिस कर्मियों को भी तैनात किया गया।
जिस जगह रह रहे, उसका नाम ही नहीं पता..
कालिंदी कुंज थाना पुलिस ने सभी परिवार के सदस्यों ने उनके नाम पूछे। इसके साथ ही उनके पहचान संबंधी दस्तावेज आधार कार्ड, पहचान पत्र व ड्राइविंग लाइसेंस देखे गए। अधिकतर के पास आसाम के पते पर बने आधार कार्ड मिले। पुलिस ने उनसे पूछा कि वह जिस जगह पर रह रहे हैं, इसका नाम क्या है।
अधिकतर इसका भी सही जवाब नहीं दे सके। पुलिस ने उनके पैदा होने की जगह और कालिंदी कुंज में कितने समय से रहे हैं, यह जानकारी भी रिकॉर्ड में ली।
साहब, हम तो कूड़ा बीनकर कर रहे गुजारा..
पुलिस के पूछताछ करने पर इन लोगों ने बताया कि वह कूड़ा बीनने का काम करते हैं। इन लोगों ने 100 फुटा रोड पर कूड़े से भरे बड़े बोरे रखकर अतिक्रमण भी कर लिया है। इनमें रोहिंग्या मुसलमान भी शामिल है। पुलिस ने उनके दस्तावेजों की भी वेरिफिकेशन की। पुलिस ने वेरिफिकेशन के दौरान वीडियो रिकार्डिंग भी की, ताकि उसे भी रिकार्ड के रूप में रखा जा सके।
संदिग्धों का पता लगाने में जुटी पुलिस..
यहां पर पुलिस के आने की भनक लगते ही कुछ संदिग्ध फरार भी हो गए। पुलिस उनके बारे में भी पता लगा रही है। इसी वजह से सभी से उनके परिवार के सदस्यों की संख्या व उनके नाम पूछे गए हैं। पुलिस ने मौके से नदारद लोगों के बारे में पूछताछ की तो बताया गया कि वह कूड़ा बीनने गए हैं।
शाहीन बाग और यमुना खादर को बनाया ठिकाना..
बांग्लादेशी घुसपैठियों ने दक्षिणी दिल्ली में कालिंदी कुंज के अलावा शाहीन बाग और यमुना खादर के इलाके को अपना ठिकाना बनाया है। ये लोग पिछले कई साल से यहां जमे हुए हैं। कई बार इनके अपराध में शामिल होने की भी पुष्टि हुई है। पुलिस ने गिरफ्तारी भी की है। पुलिस अन्य जगहों पर भी सत्यापन अभियान चलाएगी।
Edited by k.s thakur...




Post a Comment