बाढ़ पीड़ितों की धुकधुकी बढ़ा रहा गंगा-यमुना का विकराल रूप, बिहार में टूटा बांध; कई गांवों में घुसा पानी...
नई दिल्ली। लगातार वर्षा से बिहार में गंगा, सोन, पुनपुन व फल्गू समेत पहाड़ी नदियां उफनाने लगी हैं। सारण में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से दो सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है। इससे दियारा क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांवों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। कई सड़कों पर बाढ़ का पानी चढ़ गया है।
Ad..
बक्सर में गंगा खतरे के निशान से चार सेमी नीचे है। यहां एक दर्जन से अधिक गांव पानी से घिर गए हैं। चौसा के दो वार्डों के 50 से अधिक घरों में पानी प्रवेश कर गया है। वहीं चौसा-डिहरी मुख्य मार्ग पानी में डूब जाने से आवागमन ठप हो गया है। भोजपुर जिले में गंगा खतरे के निशान से 39 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। सोन नदी के जलस्तर में वृद्धि जारी है।
Ad..
खालिम चक में तटबंध में दरार ..
रोहतास के डेहरी स्थित इंद्रपुरी बराज से मंलगवार को 3.30 लाख क्यूसेक पानी सोन नदी में छोड़ा गया। सोन में उफान के कारण औरंगाबाद जिले में टीला पर पांच भेड़ पालक करीब छह सौ भेड़ के साथ फंस गए। सूचना पर गया से एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है। जहानाबाद जिले में फिर फल्गु नदी उफना गई है। हुलासगंज के वनबरिया स्थित उदेरा स्थान बराज का गेट खोल दिया गया है।
उधर, नालंदा जिले में लोकाईन नदी में बाढ़ आने से मुसाढ़ी गांव के निकट का तटबंध लगभग 15 फीट टूट गया है। खालिम चक में तटबंध में दरार आ गई है। जिराईन नदी खतरे के निशान से 2.17 मीटर ऊपर बह रही है।
बाढ़ का पानी श्रीकाशी विश्वनाथ धाम परिसर तक पहुंचा...
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में गंगा-यमुना और वाराणसी में गंगा का जलस्तर बीते 24 घंटे में मामूली घटा है। प्रयागराज में गंगा का जल स्तर 26 व यमुना का 30 सेमी कम हुआ है। वाराणसी में गंगा का जलस्तर मंगलवार को खतरा बिंदु से 43 सेमी नीचे 70.83 मीटर पर स्थिर हो गया है। बाढ़ का पानी श्रीकाशी विश्वनाथ धाम परिसर तक पहुंच चुका है। मणिकर्णिका घाट और अस्सी की गलियों में नावें चल रही हैं।
पानी से हालात बिगड़ सकते हैं..
फर्रुखाबाद में पांच सेंटीमीटर बढ़कर खतरे के निशान 137.10 मीटर पर पहुंचा गंगा का जलस्तर संकेत है कि भागीरथी का उफान अभी थमने वाला नहीं है। नरौरा बांध से गंगा में छोड़े गए 1,62,668 क्यूसेक पानी से हालात बिगड़ सकते हैं। अयोध्या, मऊ, आजमगढ़ और बलिया में लगातार खतरे के निशान के ऊपर सरयू का प्रवाह भी बाढ़ से कठिनाइयों में घिरे गांवों की परीक्षा ले रहा है।
Edited by k.s thakur...




Post a Comment