Gujarat News: 300 फीट गहरे बोरवेल में गिरे डेढ़ साल के बच्चे को सेना ने बचाया, सोशल मीडिया पर हो रही तारीफ..

Gujarat News: 300 फीट गहरे बोरवेल में गिरे डेढ़ साल के बच्चे को सेना ने बचाया, सोशल मीडिया पर हो रही तारीफ..

गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में मंगलवार रात करीब आठ बजे डेढ़ साल साल का बच्चा शिवम बोरवेल में गिर गया। वह ध्रांगधरा तालुका के दूदापुर गांव के खेत में खेल रहा था। खेलते हुए वह 300 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया और 20-25 फीट की गहराई में फंस गया। खेत में उसके माता-पिता मजदूरी करते हैं। जानकारी मिलने के बाद सेना, पुलिस, अहमदाबाद नगर निगम, जिला प्रशासन के समन्वित प्रयास से उसे बचा लिया गया। इस दौरान दक्षिणी कमान के सैनिकों ने बेहद मुश्किल आपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। बच्‍चे को रात 10.45 बजे बोरवेल से बाहर निकाला गया। बच्चे की हालत स्थिर है। सोशल मीडिया पर सेना और अन्‍य एजेंसियों की भूमिका की प्रशंसा की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, ध्रांगधरा मिलिट्री स्टेशन को सहायक पुलिस अधीक्षक को मंगलवार रात को करीब आठ बजे फोन आया था, जिसमें दूदापुर गांव में एक संकरे बोरवेल में गिरे एक बच्‍चे को बचाने का अनुरोध किया गया था। क्विक रिएक्शन टीम ने मौके पर पहुंचकर देखा कि 300 फीट गहरे बोरवेल में डेढ़ साल का बच्‍चा शिवम 25 फीट पर फंसा हुआ है।

इसके अलावा बच्चे की नाक तक पहुंच पानी गया था, लेकिन फिर भी वह सांस लेने में सक्षम था और उसकी चीखें सुनी जा सकती थीं। टीम ने चालाकी से एक धातु के हुक में बदलाव किया और उसे फाइबर रस्सी से बांध दिया। सैनिकों ने उस रस्‍सी को बोरवेल के नीचे भेज दिया। कुछ ही मिनटों में बच्चे की टी-शर्ट में हुक फंस गई और रस्सी के जरिए शिवम को धीरे-धीरे सफलतापूर्वक बाहर निकाला गया। बचाए गए बच्चे शिवम को तुरंत सुरेंद्रनगर के सीयू शाह अस्पताल भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर है।

बुधवार को सेना के दक्षिणी कमान की ओर से 16 सेकेंड का एक वीडियो शेयर किया गया। इसमें सैनिकों के बेहद मुश्किल काम की तारीफ हो रही है। सेना की ओर से बताया गया कि बेहद मुश्किल और कुशलता वाले इस आपरेशन को कमान के कोनार्क कॉर्प्स ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया।




(Courtesy : jagran)

Edited by k.s thakur..

Post a Comment

Previous Post Next Post