//BREAKING//
Loading...

Ideas

चार लेन में अपग्रेड होगा भोपाल-कानपुर इकोनॉमिक कॉरिडोर, 3,589 करोड़ की मिली मंजूरी...

चार लेन में अपग्रेड होगा भोपाल-कानपुर इकोनॉमिक कॉरिडोर, 3,589 करोड़ की मिली मंजूरी...


भोपाल। भोपाल-कानपुर इकोनॉमिक कॉरिडोर को चार लेन में अपग्रेड किया जाएगा। इसमें भोपाल से विदिशा, विदिशा से ग्यारसपुर, सताईघाट से चौका और चौका से कैमाहा पैकेजों के लिए 3,589 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।

         Ad..


इस कॉरिडोर के बनने से भोपाल से कानपुर की दूरी सात घंटे में पूरी हो सकेगी। उत्तर प्रदेश के कानपुर सहित लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी से संपर्क अच्छा हो जाएगा। व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आएगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

Ad..


कॉरिडोर के साथ ही मंडला-नैनपुर मार्ग के लिए भी 592 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। इसकी जानकारी केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पर पोस्ट कर दी है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने प्रदेश को मिली इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार व्यक्त किया है।

सरकार ने की थी बुंदेलखंड विकास पथ की घोषणा..


प्रदेश सरकार ने अपने संकल्प पत्र के तहत बुंदेलखंड विकास पथ की घोषणा की थी, जो राज्य की राजधानी भोपाल को बुंदेलखंड के सागर और छतरपुर जिलों से जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण चार-लेन सड़क परियोजना है। इस परियोजना का उद्देश्य भोपाल से सागर होते हुए छतरपुर और उत्तर प्रदेश सीमा तक सड़क संपर्क को बेहतर बनाना है।

क्षेत्र के आर्थिक विकास को मिलेगी मजबूती..


राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) ने भोपाल से सागर और छतरपुर से उत्तर प्रदेश सीमा तक मार्ग को चार-लेन में अपग्रेड करने की अनुमति दी है। इस स्वीकृति से बुंदेलखंड विकास पथ के निर्माण में तेजी आएगी। यह पथ न केवल संपर्क को सुधारने में सहायक होगा, बल्कि क्षेत्रीय आर्थिक विकास और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगा। 

इससे रोजगार के साथ-साथ क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। मंडला से नैनपुर तक 46 किलोमीटर लंबे मार्ग को अपग्रेड करने के लिए भी 592 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है।







Edited by k.s thakur...



Post a Comment

0 Comments